चंडीगढ़, उज्जवल इण्डिया न्यूज़ डेस्क। IPL 2024, PBKS vs DC : सैम करेन के अर्धशतक की बदौलत पंजाब किंग्स ने शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स को 4 विकेट से हराकर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 174 रन बनाए। इसके जवाब में पंजाब किंग्स ने 4 गेंद शेष रहते यह लक्ष्य हासिल कर लिया। पंजाब के लिए सैम करन ने सर्वाधिक 63 रन बनाए।
दिल्ली के सारे धुरंदर फ्लॉप
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम बल्लेबाजी में बुरी तरह फ्लॉप रही। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी के दौरान उसके सारे सूरमा सस्ते में ढेर हो गए। टीम नौ विकेट पर 174 रन ही बना सकी। दिसंबर 2022 में सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद पहली बार प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी कर रहे दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने 13 गेंद में दो चौके से 18 रन बनाए।
टीम के लिए शीर्ष स्कोरर शाई होप रहे, जिन्होंने 33 रन की पारी खेली। उनके अलावा अभिषेक पोरेल ने 32 रन का योगदान दिया। पंजाब किंग्स के लिए अर्शदीप सिंह और हर्षल पटेल ने दो दो विकेट चटकाए जबकि कागिसो रबाडा, हरप्रीत बरार और राहुल चाहर को एक-एक विकेट मिला।
दो अंग्रेजों ने बचाई पंजाब की इज्जत
175 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स के ओपनर शिखर धवन ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने 16 गेंद में 22 रन बनाए, लेकिन जॉनी बेयरस्टो 3 गेंद में 9 रन बनाकर रन आउट हो गए। मिडिल ओवरों में पंजाब की रन गति काफी कम रही और लगातार अंतराल पर विकेट गिरते रहे। प्रभसिमरन सिंह ने 17 गेंद में 26 रन बनाए, लेकिन सैम कर्रन की सूझबूझ भरी पारी ने पंजाब किंग्स को मैच में बनाए रखा। उन्होंने 47 गेंद में 63 रन की पारी खेली।
इस बीच खलील अहमद ने 19वें ओवर में लगातार 2 विकेट लेकर मैच को रोमांचक बना दिया था। पंजाब किंग्स ने अंत में लियाम लिविंगस्टोन की 21 गेंद में 38 रन की पारी की बदौलत 4 विकेट से जीत दर्ज की।
यह भी पढ़ें :
- केजरीवाल की गिरफ्तारी से बौखलाई जर्मनी की सरकार, भारत ने लगा दी क्लास
- भारत ने निकाली मालदीव की हेकड़ी, ₹3352 करोड़ का कर्जा वापस माँगा तो गिड़गिड़ाए मुइज्जु
- अरविंद केजरीवाल शराब घोटाले के मुख्य साजिशकर्ता, ED ने कोर्ट में बताई घोटाले की एक-एक डिटेल
- यूं ही गिरफ्तार नहीं हुए केजरीवाल, मिल चुके है 338 करोड़ के घोटाले के सबूत, जानें क्या है दिल्ली शराब घोटाला