Thu. Mar 13th, 2025
DC vs CSK: MS Dhoni lets fly but Chennai Super Kings lose to Delhi Capitals by 20 runsदिल्ली कैपिटल्स ने खोला जीत का खाता

विशाखापत्तनम, उज्जवल इण्डिया न्यूज़ डेस्क। DC vs CSK : IPL 2024 के 13वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने 20 रन से जीत हासिल कर चेन्नई के जीत के रथ को रोक दिया। डेविड वॉर्नर और कप्तान ऋषभ पंत के अर्धशतक के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को जीत के लिए 192 रनों का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में चेन्नई 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर सिर्फ 171 रन बना सकी। चेन्नई की इस शिकस्त ने उसे अंक तालिका में दूसरे स्थान पर धकेल दिया जबकि दिल्ली कैपिटल्स पहली जीत के साथ सातवें स्थान पर मौजूद है।

दिल्ली ने की शानदार शुरुआत

मैच की शुरुआत में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम को डेविड वॉर्नर और पृथ्वी शॉ ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी हुई। चेन्नई को पहली सफलता मुस्तफिजुर रहमान ने दिलाई जिन्होंने 10वें ओवर की तीसरी गेंद पर वॉर्नर को पथिराना के हाथों कैच कराया। वह 35 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हुए। दिल्ली का दूसरा विकेट अगले ओवर में गिरा। रवींद्र जडेजा ने सेट बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को धोनी के हाथों कैच कराया। शॉ ने चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 43 रन बनाए।

इसके बाद दिल्ली को तीसरा झटका 134 रन के स्कोर पर लगा। मिचेल मार्श को मथीशा पथिराना ने 150 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी कर बोल्ड किया। मार्च ने 18 रनों का योगदान दिया। इस ओवर की आखिरी गेंद पर पथिराना ने ट्रिस्टन स्टब्स को अपना शिकार बनाया। वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।
दिल्ली को पांचवा झटका कप्तान पंत के रूप में लगा। स्टार खिलाड़ी ने 32 गेंदों में 51 रन बनाए। अक्षर पटेल सात रन और अभिषेक पोरेल नौ रन बनाकर नाबाद रहे। चेन्नई के लिए मथीषा पथिराना ने तीन विकेट लिए। वहीं, मुस्तफिजुर रहमान और रवींद्र जडेजा को एक-एक विकेट मिला।

झटकों के साथ हुई हुई चेन्नई की शुरुआत

192 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत झटकों के साथ हुई। टीम के दोनों सलामी बल्लेबाज सात रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। ऋतुराज गायकवाड़ एक रन और रचिन रवींद्र दो रन बना सके। दोनों को खलील अहमद ने अपना शिकार बनाया। इसके बाद अजिंक्य रहाणे और डेरिल मिचेल ने तीसरे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी निभाई। हालांकि, अक्षर पटेल ने 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर मिचेल को आउट कर दिया। वह 34 रन बनाने में कामयाब हुए।

पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए शिवम दुबे आए। टीम को चौथा झटका अजिंक्य रहाणे के रूप में लगा जो 45 रन बनाकर लौटे। इस दौरान उनके बल्ले से पांच चौके और दो छक्के निकले। 14वें ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर मुकेश कुमार ने लगातार दो बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। पहले उन्होंने रहाणे (45) को आउट किया, इसके बाद अगली गेंद पर समीर रिजवी को पवेलियन भेज दिया। वह बिना खाता खोले आउट हो गए। सीएसके को 120 रन के स्कोर पर छठा झटका शिवम दुबे के रूप में लगा जिन्हें मुकेश ने ही 17वें ओवर में शिकार बनाया। वह 18 रन बनाकर लौटे।

धोनी ने खेली तूफानी पारी

आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए महेंद्र सिंह धोनी आए। उन्होंने 16 गेंदों का सामना किया और 37 रनों की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से चार चौके और तीन छक्के निकले। रवींद्र जडेजा ने भी 21 रन की नाबाद पारी खेली। धोनी और जेडजा के बीच 51 रन की नाबाद साझेदारी हुई, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके।

MS Dhoni

यह भी पढ़ें :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *