Ujjwal India

Latest News in Hindi

IPL 2024 : धोनी ने छोड़ी CSK की कप्तानी, अब ये खिलाडी संभालेगा कमान

IPL 2024 : धोनी ने छोड़ी CSK की कप्तानी, अब ये खिलाडी संभालेगा कमान

नई दिल्ली, उज्जवल इण्डिया न्यूज़ डेस्क। IPL 2024: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने आईपीएल 2024 से ठीक पहले एक बड़ा बदलाव किया है। सीएसके ने ऋतुराज गायकवाड़ को नया कप्तान घोषित किया है। अब महेंद्र सिंह धोनी टीम की कप्तानी नहीं करेंगे। धोनी लंबे वक्त तक टीम के कप्तान रहे। उनकी कप्तानी में सीएसके ने पिछले साल आईपीएल खिताब रिकॉर्ड छठीं बार जीता था।

आपको बता दें, 42 साल के हो चुके धोनी ने कहा था कि वो फैन्स के लिए आईपीएल एक बार और खेलेंगे। सब यही मान कर चल रहे थे कि महेंद्र सिंह धोनी अपने आखिरी आईपीएल में कप्तान रहकर टीम को चैंपियन बनाएँगे, लेकिन आईपीएल 2024 की शुरुआत से ठीक पहले वो कप्तानी से हट गए हैं और ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तान बना दिया गया है। ऋतुराज प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। इसी वजह से मैनेजमेंट ने उन पर भरोसा जताया।

टीम की कप्तानी पर सीएसके ने क्या कहा –

चेन्नई सुपर किंग्स ने टीम की कप्तानी को लेकर बयान जारी किया है। सीएसके ने बताया है कि, ”महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल 2024 से पहले टीम की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तानी सौंप दी है। ऋतुराज साल 2019 में टीम के साथ जुड़े थे। वे अभी तक 52 मैच खेल चुके हैं।”

ऋतुराज का आईपीएल प्रदर्शन

आपको बता दें, ऋतुराज ने अब तक आईपीएल में 52 मैच खेलें हैं। इन 52 मैचों में उन्होंने 39.06 के औसत और 135.52 के स्ट्राइक रेट से 1797 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 14 अर्धशतक लगाए हैं। ऋतुराज का सर्वश्रेष्ठ आईपीएल स्कोर 101 रन रहा है। उन्होंने पिछले सीजन के 16 मैचों में 590 रन बनाए थे। इस सीजन में ऋतुराज का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 92 रन रहा था। ऋतुराज ने पहली बार 2020 में आईपीएल मैच खेला था। उन्हें इस सीजन के 6 मुकाबलों में खेलने का मौका मिला था।

सीएसके के लिए ऐसा रहा है महेंद्र सिंह धोनी का करियर

महेंद्र सिंह धोनी ने सीएसके लिए अब तक 249 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 235 में टीम की कप्तानी की है। उनकी कप्तानी में सीएसके 6 बार आईपीएल की चैंपियन रही है, तो 2 बार वो सीएसके को चैंपियंस ट्रॉफी का भी चैंपियन बना चुके हैं। हालाँकि अब चैंपियंस ट्रॉफी नहीं खेली जाती। धोनी ने सीएसके पर लगे 2 साल के बैन के दौरान राइजिंग पुणे सुपरजायंट के लिए 14 मैचों में कप्तानी की थी। बात सिर्फ आईपीएल की करें तो आईपीएल में वो कुल 226 मैचों में कप्तानी कर चुके हैं, जो दूसरे नंबर पर चल रहे रोहित शर्मा के 158 मैचों से बहुत ज्यादा हैं।

2008 से सीएसके की कप्तानी कर रहे थे धोनी

आपको बता दें, महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल के इतिहास के ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने सबसे ज्यादा मैचों में किसी एक टीम की कप्तानी की है। वो साल 2008 में, जब आईपीएल की शुरुआत हुई थी, तभी से सीएसके की कप्तानी कर रहे हैं। हालाँकि बीच-बीच में वो सुरेश रैना को कप्तानी की जिम्मेदारी देते रहते थे। लेकिन साल 2022 में सीएसके लीडरशिप ने कप्तानी रविंद्र जडेजा को सौंप दी, जिसमें सीएसके बुरी तरह से फेल रही थी। टीम को लगातार मैचों में हार झेलनी पड़ी थी और आईपीएल 2022 के बीच में ही धोनी को फिर से कप्तानी संभालनी पड़ी थी। इसके बाद अगले साल यानी 2023 में उन्होंने टीम को चैंपियन बनाया था।

यह भी पढ़ें :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *