नई दिल्ली, उज्जवल इंण्डिया न्यूज़ डेस्क। Rafale Fighter Jet: लोकसभा चुनाव से पहले पूर्व वायुसेना प्रमुख भारतीय वायुसेना के पूर्व प्रमुख एयर चीफ मार्शल (सेवानिवृत्त) राकेश कुमार सिंह भदौरिया (RKS Bhadauria) रविवार (24 मार्च 2024) को भाजपा (BJP) में शामिल हो गए। पार्टी महासचिव विनोद तावड़े और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की उपस्थिति में उन्होंने दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ली। माना जा रहा है कि भाजपा उन्हें मेरठ या गाजियाबाद से लोकसभा चुनाव 2024 में उतार सकती है।

भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष जयप्रकाश नड्डा को धन्यवाद दिया। सितंबर 2021 में सेवा से रिटायर होने वाले राकेश सिंह भदौरिया ने कहा, “मुझे भाजपा में शामिल होने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का मौका देने के लिए मैं पीएम मोदी, भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा और अन्य नेताओं को धन्यवाद देता हूँ।” उन्होंने कहा कि वह विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सहयोग करेंगे।
कौन हैं पूर्व वायुसेना प्रमुख आरकेएस भदौरिया
आपको बता दें, आरके सिंह भदौरिया उत्तर प्रदेश के ही रहने वाले हैं। उनके पिता सूरजपाल सिंह एयरफोर्स में मास्टर वारंट ऑफिसर थे। उनकी बेटी सोनाली भी पायलट हैं। आरकेएस भदौरिया ने सितंबर 2019 से सितंबर 2021 तक वायु सेना प्रमुख के रूप में कार्य किया। सेना प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालने से पहले, उन्होंने वायु सेना के उप प्रमुख के रूप में कार्य किया।

भदौरिया, पुणे स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के छात्र रह चुके हैं। उन्होंने 4250 घंटे से ज्यादा की उड़ान भरी है और उनके पास 26 विभिन्न प्रकार के लड़ाकू विमानों का अनुभव है। अपने 36 सालों के करियर के दौरान, आरकेएस भदौरिया को कई पदकों से सम्मानित किया गया है, जिसमें अति विशिष्ट सेवा पदक, वायु सेना पदक और परम विशिष्ट सेवा पदक शामिल हैं। उन्हें जनवरी 2019 में भारत के राष्ट्रपति का मानद Aide De Campe नियुक्त किया गया था।
भारत को राफेल (Rafale) दिलाने में दिया था अहम योगदान
आपको बता दें, भारत को राफेल जेट दिलाने में राकेश सिंह भदौरिया की महत्वपूर्ण भूमिका थी। भारत की ओर से जो टीम फ्रांस से 36 राफेल जेट खरीदने के लिए बातचीत कर रही थी, उस टीम का नेतृत्व पूर्व वायुसेना प्रमुख भदौरिया ही कर रहे थे। इसके अलावा भी उन्होंने कई सैन्य सुधारों में अपना योगदान दिया है।
कभी भी जारी हो सकती है भाजपा की पांचवी लिस्ट
आपको बता दें, भाजपा अब तक 291 प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है। जल्द ही पार्टी पांचवीं लिस्ट भी जारी कर सकती है। इस लिस्ट को लेकर भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक शनिवार (23 मार्च 2024) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसे शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में हुई।
यह भी पढ़ें :
- केजरीवाल की गिरफ़्तारी पर आंसू बहाने वाली कांग्रेस ने कभी पुलिस से की थी घोटाले की शिकायत, माँगा था केजरीवाल का इस्तीफ़ा
- अरविंद केजरीवाल शराब घोटाले के मुख्य साजिशकर्ता, ED ने कोर्ट में बताई घोटाले की एक-एक डिटेल
- यूं ही गिरफ्तार नहीं हुए केजरीवाल, मिल चुके है 338 करोड़ के घोटाले के सबूत, जानें क्या है दिल्ली शराब घोटाला