नई दिल्ली, उज्जवल इण्डिया न्यूज़ डेस्क। Hurun Rich List 2024: इकोनॉमी हो या फिर मैन्युफैक्चरिंग या निवेश का मोर्चा हो। चीन लगातार भारत से पिछड़ता जा रहा है। अब भारत ने एक और मोर्चे पर चीन को मात दी है। इस बार ये मात अरबपतियों की संख्या को लेकर है। दरअसल, भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई अरबपतियों के मामले में एशिया की राजधानी बन गयी है। इस मामले में मुंबई ने चीन की राजधानी बीजिंग को पीछे छोड़ दिया है। इस बात का खुलासा शंघाई स्थित हुरुन रिसर्च इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट में हुआ है।
मुंबई में इतने अरबपति
हुरुन रिसर्च की 2024 ग्लोबल रिच लिस्ट के अनुसार, भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई पहली बार बीजिंग को पीछे छोड़ते हुए एशिया के सबसे बड़े बिलेनियर सेंटर के रूप में उभरी है। भारत की आर्थिक राजधानी में अब 92 अरबपति हैं। वहीँ बीजिंग में 91 अरबपति हैं। खास बात तो ये है कि अरबपतियों के मामले में मुंबई अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा शहर बन चुका है। सबसे ऊपर न्यूयॉर्क शहर है, जहां पर 119 अरबपति रहते हैं। उसके बाद नंबर लंदन का है, जहां पर 97 अरबपति हैं।
पिछले साल मुंबई में 26 अरबपति बढ़ गए। इस कारण मुंबई में रहने वाले अरबपतियों की कुल नेटवर्थ 445 बिलियन डॉलर हो गई। जो पिछले वर्ष की तुलना में 47 फीसदी ज्यादा है। इसके विपरीत, पिछले साल बीजिंग में 18 अरबपति घट गए इस कारण अरबपतियों की कुल संपत्ति 265 अरब डॉलर रह गयी जो पिछले साल के मुकाबले 28 फीसदी कम है।
कुल अरबपतियों के मामले में भारत का तीसरा स्थान
रिपोर्ट के मुताबिक, आज दुनिया में 3,279 अरबपति हैं। चीन में सबसे अधिक यानी 814 अरबपति हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर 800 अरबपतियों के साथ संयुक्त राज्य अमेरिका है। वहीं, तीसरे नंबर पर भारत ने 271 अरबपतियों के साथ अपनी जगह बनाई है।
आर्थिक राजधानी मुंबई के अरबपतियों में रियल एस्टेट दिग्गज मंगल प्रभात लोढ़ा और परिवार की नेटवर्थ में सबसे ज्यादा 116 फीसदी का इजाफा देखने हुआ है। वैसे वैश्विक भारतीय अरबपतियों की रैंकिंग में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। हालांकि, मुकेश अंबानी ने 10वें स्थान पर अपनी स्थिति बरकरार रखी है। गौतम अडाणी आठ स्थान ऊपर चढ़कर 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
यह भी पढ़ें
- ईडी की हिरासत में पत्र लिखना CM केजरीवाल को पड़ सकता है भारी, दर्ज हो सकता है केस
- अमेरिका ने UNSC में दिया इजरायल को धोखा, गाजा में युद्धविराम को लेकर प्रस्ताव पर नहीं लगाया वीटो
- शराब घोटाले में के कविता को नहीं मिली जमानत, अदालत ने 9 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेजा