नई दिल्ली, उज्जवल इण्डिया न्यूज़ डेस्क। सकारात्मक वैश्विक संकेतों के कारण भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स जहां 540 अंक बढ़कर बंद हुआ। वहीं निफ्टी वापस 22,000 के पार पहुंच गया। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों के इंडेक्स भी 2% से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों को करीब 5.83 लाख करोड़ रुपए का फायदा हुआ।
शेयर बाजार में तेजी का कारण
बाजार में तेजी का मुख्य कारण अमेरिकी फेडरल रिजर्व बैंक का एक बयान रहा। फेड ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया, लेकिन साल 2024 में तीन बार कटौती के संकेत दिए हैं। इस कारण NSE के सभी सेक्टरोल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। सबसे अधिक निफ्टी रियल्टी में 3 फीसदी की तेजी रही। इसके अलावा मेटल और पीएसयू बैंक इंडेक्स 2% से अधिक की तेजी के साथ बंद हुए।
कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 539.50 अंक या 0.75% की तेजी के साथ 72,641.19 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी 172.85 अंक या 0.79% बढ़कर 22,011.95 के स्तर पर बंद हुआ।
निवेशकों ने एक दिन में ₹5.83 लाख करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन गुरुवार 21 मार्च को बढ़कर 379.95 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया। पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार 20 मार्च को यह 374.12 लाख करोड़ रुपए था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप करीब 5.83 लाख करोड़ रुपए बढ़ा है या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की वेल्थ में करीब 5.83 लाख करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है।
सेंसेक्स के टॉप 5 गेनर्स
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 26 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। इसमें भी एनटीपीसी (NTPC) के शेयरों में सबसे अधिक 3.71% की तेजी रही। इसके बाद पावर ग्रिड (Power Grid), टाटा स्टील (Tata Steel), इंडसइंड बैंक (IndusInd Bank) और टाटा मोटर्स (Tata Motors) के शेयरों में सबसे अधिक तेजी रही और ये 2.57% से लेकर 3.40 फीसदी तक की तेजी के साथ बंद हुए।
टॉप 5 लूज़र्स
वहीं गुरुवार को सेंसेक्स के सिर्फ 4 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी भारती एयरटेल (Bharti Airtel) का शेयर 0.83 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank), मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) और एशियन पेंट्स (Asian Paints) के शेयर 0.06% से लेकर 0.24 फीसदी की गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।
यह भी पढ़ें :
- UNSC में भारत की स्थायी सदस्यता पर चीन ने लगाया अड़ंगा तो भारत ने दिया मुहतोड़ जवाब
- राहुल गाँधी की “भारत तोड़ो” राजनीति पर कांग्रेस में ही उठे विरोध के सुर, कद्दावर नेता आनंद शर्मा ने खड़गे को लिखा खत
- रोहिंग्या मुसलमानों को भारत में रहने-बसने का अधिकार नहीं : सुप्रीम कोर्ट से बोली मोदी सरकार