Thu. Mar 13th, 2025
BJP Manifesto : PM Modi Releases Manifesto Of BJPमिशन 400 पार के लिए भाजपा का "संकल्प पत्र" (Photo Credit - Live Mint)

नई दिल्ली, उज्जवल इण्डिया न्यूज़ डेस्क। BJP Manifesto: भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। पीएम मोदी ने बीजेपी हेडक्वार्टर में संकल्प पत्र का अनावरण किया। इस दौरान उनके साथ मंच पर गृह मंत्री अमित शाह, मेनिफेस्टो कमिटी के चेयरमैन राजनाथ सिंह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण उपस्थित रहे।

BJP Releases Manifesto

भाजपा के संकल्प पत्र का शीर्षक ‘मोदी की गारंटी’ है और यह गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं पर केंद्रित है। पार्टी का दावा है कि वह GYAN (गरीब, युवा, अन्नदाता व नारीशक्ति) को लेकर आगे बढ़ रही है और 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प ले रही है। लोकसभा चुनाव-2024 के संकल्प पत्र के विमोचन के दौरान पीएम मोदी ने इन चार वर्गों से एक-एक व्यक्ति को ये संकल्प पत्र सौंपा।

पीएम मोदी ने क्या कहा?

पीएम मोदी इस दौरान कहा, “पूरे देश को भाजपा के संकल्प पत्र का बहुत इंतजार रहता है। इसका एक बड़ा कारण है। 10 वर्षों में भाजपा ने अपने संकल्प पत्र के हर बिंदु को गारंटी के रूप में जमीन पर उतारा है। ये संकल्प पत्र विकसित भारत के 4 मजबूत स्तंभ – युवाशक्ति, नारीशक्ति, गरीब और किसान, इन सभी को सशक्त करता है। हमारा फोकस Dignity of life पर, Quality of lives और निवेश से नौकरी पर है।”

पीएम मोदी ने बताईं संकल्प पत्र (BJP Manifesto) की ख़ास बातें

  • पीएम आवास योजना के तहत भाजपा सरकार ने गरीबों को 4 करोड़ पक्के घर बनाकर दिए हैं। अब जो अतिरिक्त जानकारियां राज्य सरकारों से मिल रही हैं, उन परिवारों की भी चिंता करते हुए हम 3 करोड़ घर और बनाने का संकल्प लेते हुए आगे बढ़ेंगे। दिव्यांगों को पीएम आवास योजना में प्राथमिकता दी जाएगी।
  • अभी तक हमने सस्ते सिलेंडर घर-घर पहुंचाए हैं, अब हम पाइप से सस्ती रसोई गैस घर-घर पहुंचाने के लिए तेजी से काम करेंगे।
  • पीएम सूर्य घर योजना के तहत घरों तक मुफ्त बिजली पहुंचाएंगे और साथ ही परिवारों को जरूरत से अधिक बिजली बनाकर पैसे कमाने का भी अवसर दिया जाएगा।
  • आयुष्मान भारत से पांच लाख तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है, यह आगे भी मिलता रहेगा। 70 साल से ऊपर की आयु के हर बुजुर्ग को इस योजना में लाया जाएगा।  70 साल से ऊपर का हर बुजुर्ग, चाहे वो गरीब हो, मध्यम वर्ग का हो या फिर उच्च मध्यम वर्ग से ही क्यों न हो, उन्हें 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही ट्रांसजेडर को आयुष्मान योजना के दायरे में लाया जाएगा।
  • पूरे देश में यूनिफार्म सिविल कोड लागू किया जायेगा।
  • 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की योजना आने वाले 5 साल तक जारी रहेगी। हम ये सुनिश्चित करेंगे कि गरीब के भोजन की थाली पोषणयुक्त हो, उसके मन को संतोष देने वाली हो और अफोर्डेबल हो, सस्ती हो।
  • जन औषधि केंद्र पर 80 फीसदी छूट के साथ दवाई मिलती रहेगी।
  • पेपर लीक पर बड़ा कानून बनाकर उसे लागू करेंगे।
  • मुद्रा युजना की सीमा 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख की जाएगी। यानि अब मुद्रा योजना के तहत 20 लाख रुपये का लोन मिलेगा।
  • नेशनल एजुकेशन पॉलिसी लागू होगी।
  • एक राष्ट्र, एक चुनाव और एक सामान्य मतदाता सूची प्रणाली शुरू की जाएगी।
  • रेहड़ी और पटरी वालों के लिए स्वनिधि योजना में 50000 के लोन की लिमिट को बढ़ाया जाएगा और इसे शहर और गांव के लिए खोला जाएगा।
  • 10 करोड़ किसानों को किसान निधि जारी रहेगी।
  • 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाने की गारंटी।
  • 2036 में ओलंपिक की मेज़बानी करेंगे।
  • एक करोड़ बहनें लखपति दीदी बन गई हैं, आगे तीन करोड़ और लखपति दीदी बनाई जायेगीं।
  • बीज से बाज़ार तक किसानों की आय बढ़ाने का प्रयास करेंगे। श्रीअन्न को सुपरफूड की तरह स्थापित करेंगे, नेनो यूरिया और प्राकृतिक खेती से ज़मीन की सुरक्षा करेंगे। साथ ही एमएसपी में बढ़ोतरी जारी रहेगी।
  • मछुआरों के जीवन से जुड़े हर पहलू, जैसे कि नाव का बीमा, फिश प्रोसेसिंग यूनिट, सैटेलाइट द्वारा समय पर जानकारी, इन सभी को मज़बूत करेंगे।
  • मछली पालकों को सी-वीड और मोती की खेती के लिए भी प्रोत्साहित करेंगे।
  • गिग वर्कर्स, टैक्सी ड्राइवर, ऑटो ड्राइवर, घरों में काम करने वाले श्रमिक, माइग्रेंट वर्कर्स, ट्रक ड्राइवर, कुली, सभी को ई-श्रम से जोड़ेंगे और कल्याणकारी योजनाएं पहुंचाएंगे।
  • तिरुवल्लुवर कल्चरल सेंटर के ज़रिए भारत की संस्कृति को विश्व में ले जाएंगे।
  • भारत की क्लासिकल भाषाओं के अध्ययन की व्यवस्था उच्च शिक्षण संस्थाओं में करेंगे।
  • 2025 को जनजातीय गौरव वर्ग के रूप में घोषित करेंगे।
  • ओबीसी, एससी और एसटी समुदाय को जीवन के हर क्षेत्र में सम्मान देंगे।
  • वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार होगा। इसके तहत वंदे भारत के तीन मॉडल- वंदे भारत स्लीपर, वंदे भारत चेयरकार और वंदे भारत मेट्रो, दौड़ेंगे।
  • भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की मुहिम को और सख्ती से लागू किया जाएगा। परफोर्म, रिफोर्म और ट्रांसफोर्स का मंत्र शासन के हर क्षेत्र में लागू किया जाएगा।
  • 2025 को जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में घोषित किया जाएगा और एकलव्य स्कूल, पीएम जनमन, वन उत्पादों में वैल्यू एडिशन और इको टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा।
  • युवाओं के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग, स्टार्टअप, स्पोर्ट्स, इन्वेस्टमेंट, हाई वैल्यू सर्विस और टूरिज्म के ज़रिए लाखों रोज़गार के अवसर पैदा करेंगे।
  • नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू किया जायेगा।

नड्डा ने पुरानी उपलब्धियों को गिनाया

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने घोषणापत्र जारी करने से पहले बीजेपी सरकार की 10 साल की उपलब्धियों को गिनवाया। जेपी नड्डा ने दावा किया कि –

  • पीएम मोदी की अगुवाई में देश के हर गांव तक सड़क पहुंच गई है।
  • चार करोड़ लोगों को बीजेपी सरकार की वजह से पक्के मकान मिले हैं।
  • दो लाख पंचायतों तक इंटरनेट पहुंचा।
  • 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए।
  • राम लला विराजमान हुए।
JP Naddha
  • अनुच्छेद 370 को निरस्त कर दिया गया।
  • 11 करोड़ महिलाओं को सिलेंडर हासिल हुआ।
  • 80 करोड़ लोगों को अन्न योजना का फायदा मिला।
  • लॉकडाउन लगाकर दो महीने में देश को कोरोना से लड़ने के लिए तैयार किया।
  • 10 साल से देश मान रहा है कि मोदी की गारंटी, गारंटी पूरी होने की गारंटी है।
  • आयुष्मान भारत दुनिया का सबसे बड़ा हेल्थ प्रोग्राम बना, दुनियाभर में इसकी चर्चा हुई।

हमने हर हर वादा पूरा किया : राजनाथ सिंह

इस मौके पर राजनाथ सिंह ने कहा कि मुझे इस बात का हर्ष और संतोष है कि मोदी जी के नेतृत्व में हमने देशवासियों से किया गया हर वादा पूरा किया है। चाहे 2014 का संकल्प पत्र हो या 2019 का घोषणा पत्र हो, मोदी जी के नेतृत्व में हमने अपने हर संकल्प को पूरा किया है।

उन्होंने कहा कि जब मोदी जी के नेतृत्व में हम 2014 का चुनाव लड़ने जा रहे थे, उस समय, मैं पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष था और डॉ। मुरली मनोहर जोशी जी मेनिफेस्टो कमेटी के अध्यक्ष थे। मोदी जी के आग्रह को ध्यान में रखते हुए पार्टी का जो संकल्प पत्र तैयार किया गया था, उसमें इस बात का ध्यान रखा गया था कि जो भी संकल्प हम देश के सामने रखें, उसे हम निश्चित रूप से पूरा करें।

संकल्प पत्र के लिए 15 लाख से ज्यादा सुझाव मिले

प्रधानमंत्री मोदी ने चुनावी मेनिफेस्टो के लिए 25 जनवरी 2024 को जनता से सुझाव मांगे थे। इसके बाद पार्टी को 15 लाख से ज्यादा सुझाव मिले थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नमो ऐप के माध्यम से 4 लाख और वीडियो के माध्यम से 11 लाख लोगों ने अपने सजेशन पार्टी को दिए।

Lok sabha Elections 2024

बता दें, 18वीं लोकसभा के लिए 543 प्रतिनिधियों को चुनने के लिए भारत में लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल, 2024 से 1 जून, 2024 तक होने हैं। ये चुनाव सात चरणों में कराए जाएंगे, जिसके नतीजे 4 जून को घोषित किए जाएंगे। 1.44 अरब की कुल आबादी में से लगभग 970 मिलियन व्यक्ति चुनाव में भाग लेने के पात्र हैं। आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा और सिक्किम में विधान सभा चुनाव आम चुनाव के साथ होंगे। इसके अलावा, 16 राज्यों में 35 सीटों पर उपचुनाव होंगे।

यह भी पढ़ें :

One thought on “मिशन 400 पार के लिए भाजपा ने जारी किया “संकल्प पत्र”, जानें क्या हैं खास बातें”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *