Thu. Mar 13th, 2025
PM addressing at ‘Viksit Bharat Viksit Jammu Kashmir’ program in Srinagar, Jammu & Kashmir on March 07, 2024.

श्रीनगर, उज्जवल इण्डिया न्यूज़ डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) गुरुवार को कश्मीर के श्रीनगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बख्शी स्टेडियम से 6400 करोड़ की 53 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया है। आपको बता दें, धारा 370 हटने के बाद प्रधानमंत्री की यह पहली कश्मीर यात्रा है। इस दौरान उन्होंने श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम से लोगों को संबोधित भी किया।
अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि धरती के स्वर्ग पर आने का यह अनुभव शब्दों से परे हैं। इस जम्मू कश्मीर का इन्तजार हमें दशकों से था। 2014 के बाद से मैं दिल जीतने का प्रयास कर रहा हूँ। मुहे लगता है मैं इसमें सफल हुआ हूँ।

जम्मू-कश्मीर भारत का मस्तक है…
पीएम मोदी ने कहा कि विकास की शक्ति…पर्यटन की संभावनाएं…किसानों का सामर्थ्य…और जम्मू-कश्मीर के युवाओं का नेतृत्व…विकसित जम्मू-कश्मीर के निर्माण का रास्ता यहीं से निकलने वाला है। जम्मू-कश्मीर केवल एक क्षेत्र नहीं है। ये जम्मू-कश्मीर भारत का मस्तक है। और ऊंचा उठा मस्तक ही विकास और सम्मान का प्रतीक होता है। इसलिए, विकसित जम्मू-कश्मीर, विकसित भारत की प्राथमिकता है।
एक जमाना था जब देश में जो कानून लागू होते थे, वो जम्मू-कश्मीर में नहीं लागू हो पाते थे। एक जमाना था जब गरीब कल्याण की योजनाएं पूरे देश में लागू होती थीं…लेकिन जम्म-कश्मीर के मेरे भाई-बहन उनका लाभ उनको नहीं मिलता था। और अब देखिए, वक्त ने कैसे करवट बदली है। आज यहां श्रीनगर से आपके साथ ही पूरे भारत के लिए भी योजनाओं का आरंभ हुआ है। आज श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर ही नहीं, पूरे देश के लिए पर्यटन की नई पहल कर रहा है। इसलिए जम्मू-कश्मीर के अलावा देश के 50 से ज्यादा और शहरों से भी हमारे साथ लोग अभी जुड़े हुए हैं, देश भी आज श्रीनगर से जुड़ा हुआ है।

इरादे नेक हों तो नतीजे जरूर मिलते हैं…
पीएम मोदी ने कहा कि जब इरादे नेक हों, संकल्प को सिद्ध करने का जज्बा हो, तो फिर नतीजे भी मिलते हैं। पूरी दुनिया ने देखा कि कैसे यहां जम्मू-कश्मीर में G-20 का शानदार आयोजन हुआ। कभी लोग कहते थे- जम्मू-कश्मीर में कौन पर्यटन के लिए जाएगा? आज यहां जम्मू-कश्मीर में पर्यटन के सारे रिकॉर्ड टूट रहे हैं। अकेले 2023 में ही 2 करोड़ से ज्यादा पर्यटक यहां आए हैं। पिछले 10 वर्षों में अमरनाथ यात्रा में सबसे ज्यादा यात्री शामिल हुए। वैष्णो देवी में श्रद्धालु रिकॉर्ड संख्या में दर्शन कर रहे हैं। विदेशी टूरिस्टों की संख्या भी पहले से ढाई गुना बढ़ी है। अब बड़े-बड़े स्टार भी, सेलिब्रिटी भी, विदेशी मेहमान भी कश्मीर में आए बिना जाते नहीं हैं, वादियों में घूमने आते हैं, यहाँ वीडियो बनाते हैं, रील बनाते हैं, और वायरल हो रही है।

आर्टिकल 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर ले रहा खुलकर सांस…
आज जम्मू-कश्मीर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, क्योंकि जम्मू-कश्मीर आज खुलकर के सांस ले रहा है। बन्दिशों से ये आज़ादी आर्टिकल 370 हटने के बाद आई है। दशकों तक सियासी फायदे के लिए काँग्रेस और उसके साथियों ने 370 के नाम पर जम्मू-कश्मीर के लोगों को गुमराह किया, देश को गुमराह किया। 370 से फायदा जम्मू कश्मीर को था, या कुछ राजनीतिक परिवार वही इसका लाभ उठा रहे थे, जम्मू-कश्मीर की अवाम ये सच्चाई जान चुकी है कि उनको गुमराह किया गया था। कुछ परिवारों के फायदे के लिए जम्मू-कश्मीर को जंजीरों में जकड़ दिया गया था। आज 370 नहीं है, इसीलिए जम्मू-कश्मीर के युवाओं की प्रतिभा का पूरा सम्मान हो रहा है, उन्हें नए अवसर मिल रहे हैं। आज यहाँ सबके लिए समान अधिकार भी हैं, समान अवसर भी हैं।

वंचितों को मिला अधिकार…
पीएम मोदी ने कहा कि पाकिस्तान से आए शरणार्थी, हमारे वाल्मिकी समुदाय के भाई-बहन, हमारे सफाई कर्मचारी भाई-बहन, इनको वोट देने का अधिकार 70 साल तक नहीं मिला, वो अब मिला है। वाल्मिकी समुदाय को एससी कैटेगरी का लाभ मिलने की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। अनुसूचित जनजातियों के लिए विधानसभा में सीटें आरक्षित हुई हैं। ‘पद्दारी जनजाति’, ‘पहाड़ी जातीय समूह’, ‘गड्डा ब्राह्मण’ और ‘कोली’ समुदाय को अनुसूचित जनजाति में शामिल किया गया है। हमारी सरकार में पंचायत, नगर पालिका और नगर निगम में अन्य पिछड़ा वर्ग को आरक्षण दिया गया। परिवारवादी पार्टियों ने जम्मू-कश्मीर के लोगों को दशकों तक इन अधिकारों से वंचित रखा। आज हर वर्ग को उनके अधिकार लौटाए जा रहे हैं।

जम्मू-कश्मीर परिवारवाद और भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा भुक्तभोगी…
पीएम मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में परिवारवाद और भ्रष्टाचार का एक बहुत बड़ी भुक्तभोगी रही है, हमारी J&K Bank. इस बैंक को तबाह करने में यहां की पहले की सरकारों ने कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ी थी। बैंक में अपने नाते-ऱिश्तेदारों और भाई-भतीजों को भरकर इन परिवारवादियों ने बैंक की कमर तोड़ दी थी। मिस-मैनेजमेंट की वजह से बैंक इतना घाटे में गया था कि आप सभी के हजारों करोड़ रुपए डूब जाने का खतरा था, कश्मीर के गरीब आदमी का पैसा था, मेहनतकस इंसान का पैसा था, आप मेरे भाई-बहनों को पैसा था वो डूबने जा रहा था। J&K Bank को बचाने के लिए हमारी सरकार ने एक के बाद एक रिफ़ार्म किए। बैंक को एक हजार करोड़ रुपए की मदद देना भी तय किया। J&K Bank में जो गलत तरीके से भर्तियां हुईं थीं, उनके खिलाफ भी हमने सख्त कार्रवाई की। आज भी एंटी-करप्शन ब्यूरो ऐसी हजारों भर्तियों की जांच कर रही है। बीते 5 साल में जम्मू-कश्मीर के हजारों नौजवानों को पूरी पारदर्शिता के साथ बैंक में नौकरी मिली है। सरकार के निरंतर प्रयासों से आज J&K Bank फिर से मजबूत हो गई है। इस बैंक का मुनाफा, जो डूबने वाली बैंक थी, ये मोदी की गारंटी देखिए, डूबने वाली बैंक थी, आज उसका मुनाफा 1700 करोड़ रुपए तक पहुंच रहा है। ये आपका पैसा है, आपके हक का पैसा है, मोदी तो चौकीदार बनकर बैठा है। 5 साल पहले बैंक का बिजनेस सवा लाख करोड़ रुपए में सिमट गया था, सिर्फ सवा लाख करोड़। अब बैंक का बिजनेस सवा दो लाख करोड़ रुपए क्रॉस कर चुका है। जब ईमानदार सरकार होती है, नीयत जनता की भलाई होती है, तो हर मुश्किल से जनता को निकाला जा सकता है।

देश परिवारवादियों को दे रहा करारा जवाब…
परिवारवादी पार्टियों पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा, “आज़ादी के बाद जम्मू-कश्मीर परिवारवादी राजनीति का सबसे प्रमुख शिकार हुआ था। आज देश के विकास से परेशान होकर, जम्मू-कश्मीर के विकास से परेशान होकर परिवारवादी लोग मुझ पर व्यक्तिगत हमले कर रहे हैं। ये लोग कह रहे हैं कि मोदी का कोई परिवार नहीं है। लेकिन इन्हें देश, इनको करारा जवाब दे रहा है। देश के लोग हर कोने में कह रहे हैं- मैं हूँ मोदी का परिवार!, मैं हूँ मोदी का परिवार! मैंने जम्मू-कश्मीर को भी हमेशा अपना परिवार माना है। परिवार के लोग दिल में रहते हैं, मन में रहते हैं। इसीलिए, कश्मीरियों के दिल में भी यही है कि- मैं हूँ मोदी का परिवार! मैं हूँ मोदी का परिवार! मोदी अपने परिवार को ये विश्वास देकर जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर के विकास का ये अभियान किसी कीमत पर नहीं रुकेगा। अगले 5 वर्षों में जम्मू-कश्मीर और तेजी से विकास करेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *